home page

जनता के जनादेश के साथ खिलवाड़ कर रही भाजपा : कांग्रेस

 | 
जनता के जनादेश के साथ खिलवाड़ कर रही भाजपा : कांग्रेस


रांची, 05 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने की चर्चा भाजपा की एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है। यह पूरी तरह से सत्ता हथियाने और अपने राजनीतिक हित साधने की कोशिश है।

पार्टी के प्रदेश मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बिहार की जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को जनादेश दिया था, आज उसी जनादेश को राजनीतिक प्रयोगशाला बना दिया गया है।

भाजपा पर्दे के पीछे से पूरी राजनीति को नियंत्रित कर रही है और लोकतंत्र की मर्यादाओं को कमजोर कर रही है।

सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि भाजपा की राजनीति हमेशा से जोड़-तोड़, सत्ता के लिए समझौते और जनभावनाओं को नजरअंदाज करने की रही है। मुख्यमंत्री के पद को भी अब राजनीतिक सौदेबाजी का माध्यम बना दिया गया है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि बिहार की जागरूक जनता सब देख रही है। सत्ता की कुर्सी के लिए किए जा रहे इस तरह के राजनीतिक प्रयोग का जवाब जनता आने वाले समय में जरूर देगी।

मुंजनी ने कहा कि देश और राज्य की राजनीति को स्थिरता, विकास और जनहित के मुद्दों पर चलना चाहिए, लेकिन भाजपा लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनादेश को कमजोर करने का काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak