पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन पर भाजपा नेताओं ने जताया गहरा शोक
विमला प्रधान का निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति : आदित्य साहू
रांची, 18 सितंबर (हि.स.)।
झारखंड सरकार की पूर्व मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री विमला प्रधान के निधन पर भाजपा प्रदेश के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन को पार्टी और झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विमला प्रधान के निधन को अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक बतलाया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को ही अस्पताल जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और उनके परिजनों से मुलाकात की। उनके निधन का समाचार सुनकर विश्वास नहीं हो रहा है। विमला प्रधान का निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक सक्रिय रहकर विमला प्रधान ने समाज और प्रदेश की सेवा की। विमला प्रधान का निधन पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और जनसेवा के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि विमला प्रधान का निधन पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। पार्टी और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा एवं समर्पण को सदैव याद रखा जाएगा।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन, मधु कोड़ा, राष्ट्रीय मंत्री डॉ प्रदीप कुमार वर्मा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी एवं यदुनाथ पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा सहित सभी सांसदों, विधायकों व अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदना व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

