home page

पानी और बिजली संकट पर भाजपा ने जताया आक्रोश, हेमंत सरकार को घेरा

 | 
पानी और बिजली संकट पर भाजपा ने जताया आक्रोश, हेमंत सरकार को घेरा


पानी और बिजली संकट पर भाजपा ने जताया आक्रोश, हेमंत सरकार को घेरा


रामगढ़, 08 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर शुक्रवार को भाजपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने सिर पर मटका लेकर सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध जताया और समाहरणालय पहुंचकर मटका फोड़ते हुए अपना आक्रोश प्रकट किया। नेशनल हाईवे-23 स्थित कोर्ट मोड़ से शुरू हुआ यह विरोध मार्च जिला समाहरणालय तक पहुंचा। इस दौरान “हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ”, “पानी-बिजली दो” और “जनता त्रस्त, सरकार मस्त” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी नीलकंठ सिंह मुण्डा तथा बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे।

सरकार पर वादाखिलाफी और लापरवाही का आरोप

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुण्डा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा “हर घर नल से जल” योजना के लिए करोड़ों रुपये भेजे गए, लेकिन राज्य सरकार उन योजनाओं को धरातल पर उतारने में विफल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों के बजाय केंद्र सरकार को बदनाम करने में लगी हुई है। नीलकंठ सिंह ने कहा कि झारखंड के कई जिलों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, जबकि बिजली कटौती ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द समाधान नहीं करती है तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी।

मटका फोड़कर सरकार को जगा रहे है: रोशन लाल चौधरी

बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आज मटका फोड़कर सोई हुई सरकार को जगाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बदहाल हो चुकी है। आम लोग त्राहिमाम कर रहे हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द बिजली-पानी की व्यवस्था नहीं सुधारी, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना को राज्य सरकार जानबूझकर लटकाने और भटकाने का काम कर रही है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि सरकार कागजों पर योजनाओं को पूर्ण दिखा रही है, जबकि जमीनी हकीकत बेहद खराब है।

भाजपा की प्रमुख मांगें

बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, बढ़ी हुई बिजली दर वापस ली जाए, जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जाए, फर्जी बिजली बिलों की जांच हो, बंद पड़े चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए, नल-जल योजना को जल्द पूरा किया जाए, पाइपलाइन क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति हो, अस्पतालों और छात्रावासों में निर्बाध बिजली-पानी उपलब्ध कराया जाए आदि मांगे शामिल हैं।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, डॉ. संजय कुमार सिंह, प्रिया करमाली, प्रवीण मेहता, चंद्रशेखर चौधरी, राजीव जायसवाल, संजय प्रसाद सिंह, राजू चतुर्वेदी, जगेश्वर प्रजापति, बलराम महतो, रेखा बेदिया, शिव कुमार महतो, बबलु साव, रीति श्रीवास्तव, शीतल सिंह, रूपा देवी, मंजू देवी, सुनीता देवी, राजीव पामदत्त, संतोष शर्मा, प्रवीण कुमार सोनू, सुनील प्रसाद, रंजन फौजी, राजेंद्र कुशवाहा, विजय जायसवाल, संजय प्रभाकर, सरदार अनमोल सिंह, मनोज गिरि, प्रो. आलोक कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश