home page

मैं हेमंत सोरेन की तरह गिरफ्तारी से डरकर भागने वालों में नहीं : बाबूलाल

 | 
मैं हेमंत सोरेन की तरह गिरफ्तारी से डरकर भागने वालों में नहीं : बाबूलाल


जामताड़ा, 28 मई (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की ओर से एफआईआर दर्ज कराने की गीदड़ भभकी पर बाबूलाल मरांडी ने तगड़ा पलटवार करते हुए कहा कि राज्य सरकार कान खोलकर सुन ले, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तरह बाबूलाल मरांडी गिरफ्तारी से डरकर भागने वालों में नहीं है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री और राज्य सरकार को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो सरकार उन्हें गिरफ्तार करके दिखाए। झारखंड की जनता के हित, राज्य के सम्मान और भ्रष्टाचार खिलाफ वे हर संघर्ष के लिए तैयार हैं।

गुरुवार को जामताड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने पत्रकारों से बात करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस उनकी है, फिर प्रेस में बोलने की जरूरत ही क्या है। आप सीधे एफआईआर करवाकर अरेस्ट करवा सकते हैं, जेल भिजवा सकते हैं।

मरांडी ने कहा कि कैग की रिपोर्ट में झारखंड के स्वास्थ्य विभाग में करोड़ों रुपये के अनियमितताओं की जानकारी उजागर हुई है। मेडिकल उपकरणों, दवाओं आदि की खरीद और अस्पतालों के निर्माण में स्वास्थ्य मंत्री और विभागीय अधिकारियों की ओर से बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी का खेल हुआ है। कैग रिपोर्ट पर कारवाई की बजाय राज्य सरकार द्वारा उन्हें गिरफ्तार करने की गीदड़ भभकी दी जा रही है। इस गीदड़ भभकी से वे डरने वाले नहीं हैं।

उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान कहा था कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर एफआईआर दर्ज करेंगे और उनको एक दूरबीन भेंट करेंगे ताकि वह साफ-साफ देख सके कि स्वास्थ्य विभाग कैसा चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे