बाबूलाल मरांडी ने अस्पताल पहुंचकर अनशनकारी छात्रों का जाना हाल, सरकार पर साधा निशाना
रांची, 07 अगस्त (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को सदर अस्पताल पहुंचकर जेपीएससी-जेएसएससी में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच और युवाओं के अधिकारों की मांग को लेकर अनशन कर रहे छात्रों राहुल क्रांति और ब्रजकिशोर का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से दोनों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके संघर्ष के प्रति समर्थन जताया।
दोनों छात्र पिछले 14 दिनों से आंदोलनरत हैं। बताया गया कि शुक्रवार को राहुल क्रांति की तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। वहीं, कोडरमा के छात्र ब्रजकिशोर भी लगातार बारिश में धरना देने के कारण अस्वस्थ बताए गए हैं।
मरांडी ने दोनों छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सरकार की कथित असंवेदनशीलता के कारण उन्हें अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को अभी लंबी लड़ाई लड़नी है।
मरांडी ने राहुल क्रांति के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्र ने परीक्षा दी थी और अच्छे अंक प्राप्त करने के बावजूद उसका चयन नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में परीक्षा परिणाम अलग-अलग चरणों में जारी किए जाते हैं। उनके अनुसार, राहुल ने परिणाम को लेकर उच्च न्यायालय का रुख किया था और वहां से डिग्री मिलने के बावजूद जेएसएससी ने उन्हें नौकरी नहीं दी। उन्होंने कहा कि अब सरकार और जेएसएससी ने उच्च न्यायालय की डबल बेंच में अपील की है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि सरकार संवेदनशील होती तो उच्च न्यायालय के फैसले के बाद जेएसएससी राहुल का साक्षात्कार लेकर उन्हें नियुक्त कर सकती थी। उन्होंने आशंका जताई कि डबल बेंच में भी छात्र के पक्ष में फैसला आने पर मामला उच्चतम न्यायालय तक ले जाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र पढ़ाई करें या वर्षों तक मुकदमा लड़ें, यह गंभीर सवाल है।
मरांडी ने मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी के अध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक, सचिव समेत महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के बाद राज्य में हुई विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं और जेपीएससी-जेएसएससी में नौकरियों में धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे युवाओं का संघर्ष केवल उनका व्यक्तिगत मुद्दा नहीं, बल्कि राज्य के उन सभी युवाओं की आवाज है जो रोजगार और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
इस दौरान प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी और रजनीश पांडेय भी मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

