home page

पंचायत भवनों को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन सख्त, डीसी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 | 
पंचायत भवनों को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन सख्त, डीसी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश


रामगढ़, 21 मई (हि.स.)।

रामगढ़ जिले के पंचायत भवनों की जर्जर स्थिति, पानी रिसाव और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर जिला प्रशासन अब गंभीर नजर आ रहा है। गुरुवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में पंचायत भवनों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मती कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हो रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान डीसी ने स्पष्ट कहा कि पंचायत भवन ग्रामीण प्रशासन की महत्वपूर्ण इकाई हैं, जहां आम लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में इन भवनों का व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधायुक्त होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंचायत भवनों में व्याप्त समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

समीक्षा बैठक में कई पंचायत भवनों में पानी टपकने, भवनों के क्षतिग्रस्त होने, विद्युत व्यवस्था की खराब स्थिति तथा पेयजल संकट जैसे मुद्दे सामने आए। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि पंचायत भवन केवल कार्यालय नहीं, बल्कि ग्रामीण जनता और प्रशासन के बीच संवाद का प्रमुख केंद्र हैं। इसलिए भवनों की मरम्मत एवं सुविधाओं के विकास में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी ने जिले के सभी सहायक अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं को आपसी समन्वय के साथ पंचायत भवनों का संयुक्त स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक मरम्मती कार्यों, भवनों की स्थिति एवं विकास कार्यों का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आगामी बुधवार तक विस्तृत प्रस्ताव जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक स्वीकृति एवं कार्य योजना बनाकर शीघ्र कार्रवाई शुरू की जा सके।

बैठक में डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचायत भवनों में चिन्हित कमियों को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पंचायत भवनों को बेहतर एवं सुविधायुक्त बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में उप विकास आयुक्त, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जिले के सभी प्रखंडों के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पंचायत भवनों की स्थिति सुधारने को लेकर समन्वित कार्रवाई पर सहमति बनी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश