home page

पैसे के लिए युवती की हत्या कर आरोपित ने कुएं में फेंका शव, गिरफ्तार

 | 
पैसे के लिए युवती की हत्या कर आरोपित ने कुएं में फेंका शव, गिरफ्तार


दुमका, 09 मार्च (हि.स.)। पैसे के लिए 28 वर्षीय युवती की गला दबाकर हत्या कर शव को कुएं में फेंक देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपित जागेश्वर मरांडी के निशानदेही पर ही युवती के शव को मुफस्सिल थाना की पुलिस ने बागझोपा गांव के एक कुएं से बरामद कर लिया है। यह घटना 10 फरवरी को मुफस्सिल थाना अन्तर्गत टीकापहाड़ी गांव की है। जानकारी के अनुसार मृतका सरोधनी हेम्ब्रम टीकापहाड़ी गांव की रहने वाली थी और आरोपित युवक भी उसी गांव का निवासी है।

युवक युवती को दीदी बोला करता था। युवती दैनिक मजदूरी किया करती थी। वह काम के सिलसिले में अक्सर पश्चिम बंगाल सहित अन्य प्रदेश भी जाती थी। युवती अपने कमाए रूपयों को अकाउंट में रखा करती थी। युवती के अकाउंट में काफी रूपए थे। इस बात की भनक युवक को लग गई थी। वह युवती के अकाउंट से रूपए लेने के लिए साजिश रचने लगा।

आरोपी युवक जागेश्वर मरांडी ने 10 फरवरी को युवती को किसी काम का हवाला देते हुए सुनसान इलाके में बुलाया। युवती युवक पर काफी भरोसा करती थी। उसके बुलावे पर वह सुनसान इलाके में पहुंच गई। युवक ने किसी तरह से युवती के मोबाइल को हासिल किया और उससे फोन-पे के पासवर्ड जानने का प्रयास करने लगा। युवती को संदेह हुआ। वह पासवर्ड बताने को तैयार नहीं हुई। आवेश में युवक ने युवती की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के बाद उसने किसी तरह से उसके फोन पे के पासवर्ड जान लिया। पासवर्ड पता लगते ही युवक ने युवती के अकाउंट से एक लाख रूपया अपने अकाउंट में ट्रांसफर कर लिया।

रूपए टांसफर होने के बाद उसने युवती की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद युवक गांव में ही रहने लगा था। इधर, परिजन युवती की तलाश अपने स्तर से कई जगहों पर की, लेकिन वह नहीं मिली। युवती के नहीं मिलने पर परिजनों ने अंत में 20 फरवरी को मुफस्सिल थाना में सनहा दर्ज कराई। सनहा दर्ज होने के बाद पुलिस भी अपने स्तर से छानबीन करने में जुट गई।

इधर, युवती के मोबाइल नम्बर से लोकेशन का पता लगाया गया। युवती के अकाउंट को जब पुलिस ने खंगाला तो पता चला कि 10 फरवरी को ही गांव के ही जागेश्वर मरांडी के अकाउंट में एक लाख रूपया ट्रांसफर हुए है। पुलिस को संदेह हुआ और उक्त युवक को पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया। पूछताछ में उसने किसी प्रकार की कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस ने टेक्निकल सेल की मदद से यह पता लगाया कि 10 फरवरी को दोनों एक साथ थे या नहीं। टेक्निकल सेल से पता चल गया कि घटना के दिन दोनों एक साथ थे। बाद में पुलिस ने दोबारा युवक को थाने बुलाया और सख्ती से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस अब युवक के विरुद्ध हत्या कर साक्ष्य छूपाने की प्राथमिकी दर्ज की है।

वहीं शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा। मुफस्सिल थाना प्रभारी लोरेंसिया केरकेट्टा ने बताया कि 20 फरवरी को युवती के लापता होने का परिजनों से सनहा दर्ज कराया था। छानबीन में पता चला कि गांव के ही युवक ने उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार