home page

तालाब में डूबने से बच्चे की मौत

 | 

दुमका, 19 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के मासनजोर पंचायत अंतर्गत सिताकोहबर गांव में रविवार को एक बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विवेकानंद झा के एकलौते पुत्र प्रिंस झा (१२) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार प्रिंस झा रविवार दोपहर में बाल कटवाकर घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसने अपनी मां सुलोचना देवी से स्नान करने के लिए बाबा दुबे मंदिर स्थित जलमीनार जाने की बात कही। इसके बाद वह घर से निकल गया, लेकिन जलमीनार जाने के बजाय घर से करीब 250 मीटर दूर स्थित तालाब की ओर चला गया। बताया जाता है कि तालाब में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान ग्रामीणों ने तालाब में उसकी तलाश की। जहां से उसे बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक फतेहपुर सरस्वती शिशु मंदिर का आठवीं का छात्र था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार