home page

बांग्लादेश में संवैधानिक सुधारों पर सरकार और विपक्ष में विश्वास का संकट

 | 
बांग्लादेश में संवैधानिक सुधारों पर सरकार और विपक्ष में विश्वास का संकट


ढाका, 01 अप्रैल (हि.स.)। बांग्लादेश में संवैधानिक सुधारों पर बहस तेज हो गई। इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच विश्वास का संकट खड़ा हो गया है। जातीय संसद में विपक्ष के नेता और बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान ने कहा है कि संवैधानिक सुधारों पर संसदीय चर्चा के दौरान कानून मंत्री ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया। उन्होंने यह बात मंगलवार देररात एक ब्रीफिंग के दौरान कही। यह ब्रीफिंग 'जुलाई राष्ट्रीय चार्टर कार्यान्वयन आदेश' के तहत 'संविधान सुधार परिषद' बुलाने के प्रस्ताव पर हुई बहस के बाद हुई थी।

द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा, बातचीत के दौरान सत्ताधारी दल ने एक समिति बनाने का प्रस्ताव रखा। हमने कहा कि हम यहां संकट को सुलझाने आए हैं, न कि कोई नया संकट खड़ा करने। इसलिए, हम समाधान चाहते हैं। लेकिन अब यह मामला कुछ हद तक पेचीदा हो गया है। इस प्रस्ताव के संबंध में, हमने कहा कि यह नोटिस सुधार परिषद को बुलाने और उसकी बैठक से संबंधित है। यदि इस मामले को लेकर सुधार से जुड़ी कोई समिति बनाई जाती है, तो हम उसे सकारात्मक रूप से स्वीकार करने के लिए तैयार हैं।

विपक्ष के नेता ने आगे कहा, हालांकि, शर्त यह है कि समिति में दोनों पक्षों का समान प्रतिनिधित्व होना चाहिए। यदि सदस्यों की नियुक्ति समानता के बजाय आनुपातिक अनुपात के आधार पर की जाती है, तो किसी सकारात्मक परिणाम की संभावना बहुत कम है। शफीकुर ने कहा, “जब हमने प्रस्ताव पर लचीले ढंग से विचार किया, तो कानून मंत्री ने एक भाषण दिया और मेरे बयान को गलत तरीके से पेश करते हुए कहा कि हमने संवैधानिक संशोधन के उनके प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। असल में, हमने संवैधानिक संशोधन के किसी भी प्रस्ताव पर कोई टिप्पणी नहीं की थी। हमने साफ तौर पर कहा था कि यह मामला संवैधानिक सुधार से जुड़ा है। इसलिए, मुझे उम्मीद है कि कोई गलतफहमी नहीं होगी। मेरा बयान स्पष्ट था, उसमें कोई अस्पष्टता नहीं थी।”

उन्होंने कहा, “बाद में, जब हम इस मामले पर स्पष्टीकरण देना चाहते थे, तब तक संसदीय सत्र समाप्त हो चुका था। स्पीकर ने घोषणा कर दी कि आज की चर्चा समाप्त हो गई है। जब मैंने कहा कि हमें एक बयान देना है और बोलने का अवसर मांगा, तो उन्होंने जवाब दिया कि हमें कल मौका दिया जाएगा। इस प्रकार, यह मामला फिलहाल के लिए टल गया है। अगर हमें कल फिर से बोलने का अवसर मिलता है, तो हम आपको सूचित करेंगे।”

शफीकुर ने कहा कि मौजूदा संसद का गठन एक विशेष संदर्भ में हुआ था। “1952 के भाषा आंदोलन, 1971 के मुक्ति संग्राम, 1990 के जन आंदोलन और 2004 के जन-विद्रोह के माध्यम से लोगों के अधिकारों और आकांक्षाओं की पूर्ति नहीं हो पाई थी। इस संदर्भ में, संवैधानिक सुधार आवश्यक हो गया है।” उन्होंने बताया कि छह अंतरिम सरकारी सुधार आयोगों और बाद में राष्ट्रीय आम सहमति आयोग द्वारा व्यापक चर्चा के बाद, जुलाई चार्टर में प्रमुख प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया गया था।

उन्होंने कहा, “संसद के गठन के 30 कार्य दिवसों के भीतर सुधार परिषद की बैठक होनी अनिवार्य है। लेकिन इस नियम के बावजूद दूसरा सत्र अभी तक आयोजित नहीं हुआ है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद