home page

पीओजेके चुनाव में नवाज की सत्तारूढ़ पार्टी ने किया बहुमत का दावा

 | 

मॉस्को, 13 अगस्त (हि.स./रिया नोवोस्ती)। पाकिस्तान की सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन ) ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर (पीओजेके) में हुए चुनाव में बहुमत हासिल करने का दावा किया है। संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फज़ल चौधरी ने गुरुवार को कहा कि पार्टी ने चुनाव के तीसरे चरण के बाद 24 सीटों पर जीत दर्ज की है।

मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि आरक्षित सीटों के आवंटन के बाद पीएमएल-एन की कुल सीटें बढ़कर 30 हो जाएंगी। उन्होंने चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बताया।

तारिक फज़ल चौधरी के अनुसार, अगले सप्ताह विधानसभा का सत्र बुलाया जाएगा। इसी दौरान क्षेत्रीय विधानसभा के स्पीकर और प्रधानमंत्री का चुनाव किया जाएगा।

पीओजेके विधानसभा में कुल 53 सीटें हैं। इनमें 45 सामान्य सीटें, जबकि आठ सीटें महिला, धार्मिक प्रतिनिधि और कश्मीरी प्रवासियों के लिए आरक्षित हैं। बहुमत के लिए किसी भी दल को कम से कम 27 सीटों की जरूरत होती है।

पीएमएल-एन के 24 सीटें जीतने के दावे और आरक्षित सीटों के संभावित आवंटन के बाद पार्टी बहुमत के आंकड़े से ऊपर पहुंचने की स्थिति में है।

हिंसक विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में बुधवार को हुए चुनाव हुए। विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व जॉइंट एक्शन कमेटी (जेएएसी) ने किया था। संगठन ने अधिकारियों पर जुलाई के अंत में हुई हिंसा में 35 लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है।

चुनाव परिणामों के बाद अब सभी की नजरें अगले सप्ताह होने वाले विधानसभा सत्र पर हैं, जहां स्पीकर और प्रधानमंत्री के चुनाव के साथ क्षेत्र में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी