home page

पराग्वे का सबसे बड़ा डिजीटल बैंक हुआ कंगाल, 30 लाख लोगों का पैसा फंसा, जनता सड़कों पर उतरी

 | 

असुंसियन, 05 नवंबर (हि.स.)। पराग्वे के सबसे बड़े डिजिटल बैंक 'यूएनो बैंक' के अचानक धराशायी होने के बाद पूरे देश में भीषण वित्तीय और राजनीतिक संकट पैदा हो गया है। बैंक की साख (सॉल्वेंसी रेशियो) कानूनी सीमा से आधी से भी कम रह जाने के कारण सेंट्रल बैंक ऑफ पराग्वे (बीसीपी) ने इसका अधिग्रहण कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद लगभग 30 लाख ग्राहक प्रभावित हुए हैं और राजधानी असुंसियन की सड़कों पर जन आक्रोश फूट पड़ा है।

सेंट्रल बैंक द्वारा अधिग्रहण किए जाने के तुरंत बाद यूएनओ बैंक के डिजिटल ऐप, क्रेडिट कार्ड और मनी ट्रांसफर सहित सभी सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। इससे पराग्वे की लगभग 60 प्रतिशत वयस्क आबादी अपने ही जमा पैसों से वंचित हो गई है। लोगों के सामने दैनिक जरूरतों और लेनदेन के लिए भारी संकट खड़ा हो गया है।

राजनीतिक भूचाल और प्रमुख गिरफ्तारियां

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति सेंटियागो पेन्या के निर्देश पर सेंट्रल बैंक के प्रमुख कार्लोस कारवालो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कारवालो पहले उसी वित्तीय कंपनी के अध्यक्ष रह चुके थे जो बाद में यूएनो बैंक बनी। उन पर हितों के टकराव और नियामक अनदेखी के गंभीर आरोप लग रहे हैं।

दूसरी ओर, आर्थिक अपराध और भ्रष्टाचार निरोधक विशेष इकाई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक के संस्थापक एवं बहुसंख्यक शेयरधारक मिगुएल वाज़क्वेज़ तथा यूएनो बैंक के अध्यक्ष जुआन मैनुअल गुस्ताले सहित आठ शीर्ष अधिकारियों की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं।

सरकारी पेंशन फंड भी खतरे में

इस संकट का असर केवल आम नागरिकों तक सीमित नहीं है। राज्य स्वास्थ्य एवं पेंशन फंड के लगभग 38 करोड़ डॉलर की सार्वजनिक सेवानिवृत्ति निधि इस बैंक में फंसी हुई है, जिससे आम जनता के साथ-साथ पेंशनभोगियों में भी भारी अनिश्चितता का माहौल है।

सड़कों पर उतरा जनसैलाब

बैंक बंद होने और खाते फ्रीज होने से गुस्साए हजारों नागरिक, खाताधारक और पेंशनभोगी असुंसियन की सड़कों पर उतर आए। बंद पड़ी बैंक शाखाओं के बाहर भारी भीड़ एकत्र हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने अपना पैसा वापस दिलाने की मांग के साथ-साथ सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। अनेक वीडियो फुटेज में लोग आगजनी और तोड़ फोड़ करते हुए दिखाई दिये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया