home page

यमन के लाल सागर तट के पास कार्गो जहाज पर हुआ हमला : यूकेएमटीओ

 | 
यमन के लाल सागर तट के पास कार्गो जहाज पर हुआ हमला : यूकेएमटीओ


इस्तांबुल/लंदन, 05 जुलाई (हि.स.)। ब्रिटिश मैरीटाइम एजेंसी यूकेमैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) सेंटर ने बताया है कि रविवार को यमन के लाल सागर तट के पास एक कार्गो जहाज़ पर हमला हुआ है। एजेंसी के अनुसार, जहाज ने आपातकालीन संदेश भेजकर सूचना दी कि उस पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने हमला किया है।

यूकेएमटीओ ने कहा कि यह घटना यमन के अल-हुदैदाह बंदरगाह से लगभग 30 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में हुई। एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि वह मामले की जांच कर रही है।

एजेंसी ने क्षेत्र में मौजूद अन्य जहाज़ों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दी है। फिलहाल, इस हमले को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

इसी क्षेत्र में बीते 01 जुलाई को भी यूकेएमटीओ को दो अलग-अलग घटनाओं की सूचना मिली थी। पहली घटना में यमन के बलहाफ़ के दक्षिण में एक टैंकर के पास एक छोटी नाव संदिग्ध रूप से पहुंची थी, जिसमें चार लोग सवार बताए गए थे। हालांकि बाद में वह नाव क्षेत्र से दूर चली गई और चालक दल सुरक्षित रहा।

दूसरी घटना में एक अन्य जहाज़ ने रिपोर्ट किया कि उसके पास छोटी नाव में सवार लोगों द्वारा हथियारों के साथ आने की कोशिश की गई। चालक दल ने सुरक्षित कमरे (सिटाडेल) में शरण ली और खुद को सुरक्षित बताया।

इन घटनाओं के बाद लाल सागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। यूकेएमटीओ ने सभी जहाज़ों को सावधानी बरतने और उच्च सतर्कता बनाए रखने की सलाह दी है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी