कुवैत की सेना ने पिछले 24 घंटे में 5 संदिग्ध ड्रोन मार गिराए
इस्तांबुल, 15 मार्च (हि.स.)। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच पिछले 15 दिनों से जारी सैन्य टकराव के दौरान कुवैत ने रविवार को दावा किया कि पिछले 24 घंटों में उसकी सेना ने अपने सुरक्षा क्षेत्र में 5 संदिग्ध ड्रोन मार गिराए हैं। हालांकि ये सभी ड्रोन कहां से आए थे, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है।
तुर्किए की समाचार एजेंसी अनादाेलू के अनुसार, कुवैत ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए 5 संदिग्ध ड्रोन काे मार गिराने का दावा किया है। कुवैत नेशनल गार्ड कमांड ने रविवार को बताया कि उसकी सेनाओं ने पिछले 24 घंटों के दौरान अपने सुरक्षा क्षेत्र में इन ड्रोन को नष्ट कर दिया।
नेशनल गार्ड कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि यह कार्रवाई देश के महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित खतरों से निपटने की व्यापक कोशिशों का हिस्सा है। हालांकि अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि ड्रोन किस इलाके में गिराए गए और वे कहाँ से आए थे।
कमांड ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा और बचाव से जुड़े निर्देशों का पालन करें और अफवाहों से बचें। साथ ही कहा गया कि नेशनल गार्ड सेना, पुलिस और अग्निशमन सेवाओं के साथ समन्वय में काम कर रहा है और देश की सुरक्षा को अस्थिर करने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
दरअसल, 28 फरवरी से अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमले के बाद से पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इन हमलों में अबतक करीब 1300 लोगों की मौत हो चुकी है।
इसके जवाब में ईरान ने इजराइल, जॉर्डन, इराक और खाड़ी क्षेत्र के उन देशों को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं, जहां अमेरिकी सेना के ठिकाने मौजूद हैं। इस कारण पूरे क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

