home page

कतर ने ईरान के तीन में से दो मिसाइलों को मार गिराया, एक तेल टैंकर से टकराई

 | 
कतर ने ईरान के तीन में से दो मिसाइलों को मार गिराया, एक तेल टैंकर से टकराई


इस्तांबुल, 01 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कतर ने ईरान की तीन क्रूज़ मिसाइलों को निशाना बनाया, जिनमें से दो को सेना ने हवा में ही मार गिराया, जबकि एक मिसाइल समुद्री क्षेत्र में एक तेल टैंकर से टकरा गई। राहत की बात यह रही कि सभी क्रू सदस्य सुरक्षित बचा लिए गए। इस घटना ने पहले से ही तनावग्रस्त क्षेत्र में हालात को और गंभीर बना दिया है।

तुर्किए की संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी ने कतर के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि बुधवार को तीन ईरानी क्रूज मिसाइलों ने निशाना बनाया, जिनमें से एक मिसाइल कतर के समुद्री क्षेत्र में मौजूद एक तेल टैंकर से जा टकराई। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बताया कि सेना ने दो क्रूज मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया, जबकि तीसरी मिसाइल कतर के समुद्री क्षेत्र में मौजूद एक तेल टैंकर से जा टकराई। यह टैंकर 'कतर एनर्जी' को लीज पर दिया गया था। इस घटना के बाद जरूरी कदम उठाए गए और अधिकारियों ने आपस में तालमेल बिठाकर टैंकर पर मौजूद सभी 21 क्रू सदस्यों को बिना किसी जानमाल के नुकसान के सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब इस पूरे क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार 28 फरवरी से ही अमेरिका और इज़राइल लगातार ईरान पर हवाई हमले कर रहे हैं, जिनमें अब तक 1,340 से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है। इसके जवाब में ईरान ने भी ड्रोन और मिसाइलों से हमले किए हैं। इन हमलों में इज़राइल के साथ-साथ जॉर्डन, इराक और खाड़ी देशों को भी निशाना बनाया गया है, जहाँ अमेरिकी सेना के ठिकाने मौजूद हैं। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी