home page

ईरानी हमलों काे लेकर रियाद में सऊदी–पाक सैन्य प्रमुख की हुई बैठक

 | 
ईरानी हमलों काे लेकर रियाद में सऊदी–पाक सैन्य प्रमुख की हुई बैठक


ईरानी हमलों काे लेकर रियाद में सऊदी–पाक सैन्य प्रमुख की हुई बैठक


रियाद/इस्तांबुल, 07 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष में पाकिस्तान की भूमिका भी सामने आ गयी है। सऊदी अरब में ईरानी मिसाइल हमलों के बाद सऊदी अरब अपने सैन्य सहयोगी पाकिस्तान के साथ मिल कर ईरान को समुचित जवाब देने रणनीति तैयार कर रहा है।

पश्चिम एशिया में दोनों पक्षों के बीच युद्ध भड़कने के सातवें दिन शुक्रवार को रियाद में सऊदी अरब के रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान और पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच एक अहम बैठक हुई जिसमें ईरान के हमलों, क्षेत्रीय सुरक्षा हालात और सऊदी अरब–पाकिस्तान के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के मुद्दों पर चर्चा की गई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में ईरानी मिसाइल हमलों को रोकने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए संयुक्त रणनीति पर भी विचार किया गया।

तुर्किए की समाचार एजेंसी अनादोलु ने सऊदी अरब के रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान के हवाले से शुक्रवार को बताया कि उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख से मुलाकात कर क्षेत्रीय सुरक्षा हालात और सऊदी अरब पर हुए ईरानी हमलों पर चर्चा की।

सऊदी रक्षा मंत्री ने एक्स पर कहा कि बैठक में सऊदी अरब पर ईरान की ओर से हुए हमलों को रोकने के उपायों एवं प्रतिरक्षात्मक कार्रवाई के बारे में चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने इन हमलों को रोकने और सऊदी अरब तथा पाकिस्तान के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर भी विचार किया। साथ ही क्षेत्र में बढ़ती सैन्य तनातनी के बीच स्थिरता बनाए रखने के लिए आपसी तालमेल के महत्व पर भी चर्चा हुई।

वहीं, सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, दोनों सैन्य अधिकारियों की यह मुलाकात शनिवार, 7 मार्च को रियाद में हुई, जिसमें ईरान के मिसाइल हमलों को रोकने के संभावित उपायों पर विचार किया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान और सऊदी अरब ने गत वर्ष एक द्विपक्षीय रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं जिसमें माना गया है कि यदि किसी एक देश पर हमला होता है तो उसे दोनों देशों पर हमला माना जाएगा। उल्लेखनीय है कि उस समय पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने कहा था कि अगर सऊदी अरब पर कोई संकट आता है तो पाकिस्तान के परमाणु हथियार उसके लिये उपलब्ध रहेंगे।

इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने मध्य पूर्व के कई देशों पर ईरान के हमलों की निंदा भी की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी