अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरानी युद्धपोत को डुबोया, रक्षा मंत्री हेगसेथ का बड़ा दावा
वॉशिंगटन, 04 मार्च (हि.स.)। मध्य-पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथने पुष्टि की है कि अमेरिकी नौसेना की एक पनडुब्बी ने हिंद महासागर में एक ईरानी युद्धपोत को टॉरपीडो हमले में डुबो दिया। उन्होंने दावा किया कि ईरानी नौसेना अब “अप्रभावी और लगभग नष्ट” हो चुकी है।
हेगसेथ के अनुसार, मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में सुरक्षित समझ रहे ईरानी युद्धपोत को अमेरिकी पनडुब्बी ने निशाना बनाया। उन्होंने इसे द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार बताया जब अमेरिकी नौसेना की फास्ट-अटैक सबमरीन ने किसी दुश्मन युद्धपोत को डुबोया हो।
इस दौरान ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन केन ने जानकारी दी कि अब तक ईरान से जुड़े 2,000 से अधिक लक्ष्यों पर हमले किए जा चुके हैं और 20 से अधिक नौसैनिक पोत नष्ट किए गए हैं। उनका कहना था कि क्षेत्र में ईरान की प्रमुख नौसैनिक मौजूदगी को “प्रभावी रूप से निष्क्रिय” कर दिया गया है।
अमेरिकी नेतृत्व ने यह भी कहा कि देश के पास पर्याप्त सैन्य संसाधन हैं और आवश्यकता पड़ने तक कार्रवाई जारी रखी जा सकती है। अपने संबोधन के अंत में हेगसेथ ने इजराइल को “मजबूत साझेदार” बताते हुए उसकी भूमिका की सराहना की और संकेत दिया कि अभियान अभी जारी रहेगा।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

