वेटिकन में पोप लियो से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो
वेटिकन सिटी, 07 मई (हि.स.)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को वेटिकन में पोप लियो से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह अहम बैठक ऐसे समय हुई है, जब ईरान युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और पोप लियो के बीच मतभेद खुलकर सामने आए हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, बैठक के दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति, पश्चिमी गोलार्ध से जुड़े मुद्दों और वैश्विक शांति प्रयासों पर चर्चा हुई। विदेश विभाग ने कहा कि इस मुलाकात ने अमेरिका और होली सी (वेटिकन) के बीच मजबूत संबंधों तथा शांति और मानव गरिमा को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
सूत्रों के मुताबिक, मार्को रुबियो वेटिकन के अपोस्टोलिक पैलेस में दो घंटे से अधिक समय तक मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने पोप के अलावा अन्य वेटिकन अधिकारियों से भी मुलाकात की। हालांकि पोप लियो के साथ उनकी व्यक्तिगत बैठक कितनी देर चली, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।
यह मुलाकात उस समय हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प लगातार पोप लियो की आलोचना कर रहे हैं। पोप ने हाल के दिनों में ईरान युद्ध का विरोध करते हुए शांति और संवाद की अपील की थी। ट्रम्प ने इन बयानों पर नाराजगी जताते हुए पोप की आलोचना की थी। इसके जवाब में पोप लियो ने कहा था कि उनका उद्देश्य केवल शांति, मानवता और संवाद का संदेश देना है।
बैठक से पहले रुबियो ने संकेत दिया था कि वह क्यूबा के मुद्दे पर भी पोप से चर्चा करेंगे। बताया गया है कि ट्रम्प प्रशासन ने क्यूबा में कैथोलिक चर्च के माध्यम से मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए करोड़ों डॉलर की मदद उपलब्ध कराई है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

