अमेरिका ने सीरिया को आतंकवाद प्रायोजक देशों की सूची से हटाया
वॉशिंगटन, 25 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका ने सीरिया को आधिकारिक रूप से अपनी ‘स्टेट स्पॉन्सर ऑफ टेररिज्म’ (आतंकवाद प्रायोजक देश) की सूची से हटा दिया है। अमेरिकी वित्त विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के बाद विदेश विभाग का यह फैसला प्रभावी हो गया। यह कदम पहले की गई घोषणा और उसके बाद कांग्रेस में हुई समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद उठाया गया है।
इस फैसले के साथ सीरिया पर उस विशेष श्रेणी से जुड़े कई कानूनी प्रतिबंधों का असर समाप्त हो जाएगा, जिनमें अमेरिकी सहायता, रक्षा संबंधी निर्यात और कुछ वित्तीय लेनदेन पर पाबंदियां शामिल थीं। अमेरिकी प्रशासन का यह निर्णय सीरिया के प्रति वॉशिंगटन की नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
अमेरिकी वित्त विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) ने भी नियमों में संशोधन कर सीरिया को आतंकवाद प्रायोजक देशों से संबंधित नियामकीय प्रावधानों से हटाने की पुष्टि की है। हालांकि, इससे यह जरूरी नहीं कि सीरिया या उससे जुड़े सभी व्यक्तियों एवं संगठनों पर लागू अन्य प्रतिबंध स्वतः समाप्त हो जाएं।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

