home page

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव प्रचार का अभियान हुआ तेज, ओबामा के निशाने पर ट्रंप

 | 
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव प्रचार का अभियान हुआ तेज, ओबामा के निशाने पर ट्रंप


वाशिंगटन, 25 अक्टूबर (हि.स.)। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव में अब केवल 10 दिन का वक्त बचा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों ने अपनी-अपनी पार्टियों के उम्मीदवारों के समर्थन में रैलियां की हैं। ट्रंप ने आज रात जॉर्जिया के पेरी में और पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने डेट्रॉइट में अब्दुल अल-सैयद और मिशिगन के अन्य डेमोक्रेट्स के साथ एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। बराक ओबामा अपने प्रचार अभियान में ट्रंप को निशाने पर ले रहे हैं।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार ओबामा डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए अहम प्रचारक की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मिशिगन में भी ओहियो की तरह ट्रंप प्रशासन के दौर को 'अराजक, क्रूर और भ्रष्टाचारी' ठहराते हुए आलोचना की। रिपोर्ट के अनुसार, डेमोक्रेट्स अब उन राज्यों में आक्रामक रुख अपना रहे हैं जहां मुकाबला कड़ा है, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के रणनीतिकारों को कुछ सीटों को अपने पाले में लाने के मौकों को छोड़ना पड़ रहा है।

इस बीच ट्रंप ने जॉर्जिया में रिपब्लिकन पार्टी के सामने आ रही चुनौतियों को स्वीकार करते हुए समर्थकों से कहा कि अगर वहां रिपब्लिकन पार्टी सीनेट चुनाव जीतती है, तो यह 'काफी चौंकाने वाला' होगा। राष्ट्रपति और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने फ्लोरिडा में समय से पहले अपना वोट डाला। हालांकि, इस चुनाव चक्र में इस प्रक्रिया का समर्थन करने के बावजूद वे पहले समय से पहले और डाक मतदान (मेल-इन वोटिंग) का विरोध कर चुके हैं।

ट्रंप ने समर्थकों से कहा कि अगर रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक कॉलिन्स डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन ओसॉफ को हरा देते हैं, तो यह 'चौंकाने वाला' होगा। रिपब्लिकन पार्टी ओसॉफ की सीट जीतने को लेकर काफी आश्वस्त थी, लेकिन फंड जुटाने के मामले में कॉलिन्स मौजूदा सीनेटर ओसॉफ से पीछे रह गए हैं। ट्रंप ने घोषणा की कि ऑडी मैकॉन में एक 'बड़ा प्लांट' लगाने के लिए 4.2 अरब डॉलर का निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि इस फैक्टरी में हर साल 2,000,000 कारों का उत्पादन होगा और इससे इलाके में 30 हजार नौकरियां पैदा होंगी।

ट्रंप ने प्रचार के दौरान सोमाली प्रवासियों की आलोचना जारी रखी और सवाल किया कि अमेरिका स्वीडन या नॉर्वे जैसे नॉर्डिक देशों से और लोगों को क्यों नहीं बुलाता। ओबामा ने कनाडा पर लगाए गए टैरिफ की भी निंदा की। ओबामा ने कहा कि वे मिशिगन सीनेट के उम्मीदवार अल-सैयद के संघर्षों को समझ सकते हैं, जिन्हें रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उनके नाम को लेकर हमलों का सामना करना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद