अमेरिका ने ईरान के तेल पर छूट 30 दिन के लिए बढ़ाई
वाशिंगटन, 22 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका ने ईरान के तेल पर लगे प्रतिबंधों में दी गई छूट को 30 दिनों के लिए बढ़ा दिया है। यह निर्णय उन देशों के अनुरोध पर लिया गया है, जो वर्तमान में तेल आपूर्ति की कमी का सामना कर रहे हैं।
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के प्रमुख स्कॉट बेसेंट के अनुसार, लगभग 10 देशों के नेताओं ने इस छूट को आगे बढ़ाने की अपील की थी। उनका कहना है कि मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए ऊर्जा आपूर्ति बनाए रखना आवश्यक है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के कारण कई देशों के लिए तेल आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना हुआ है। यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल परिवहन का एक प्रमुख मार्ग है, जहां किसी भी प्रकार की अस्थिरता का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले स्कॉट बेसेंट ने संकेत दिए थे कि इस छूट को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, लेकिन बदलते हालात को देखते हुए उन्होंने अपना फैसला संशोधित किया और 30 दिनों का अतिरिक्त समय दिया। हालांकि, इसे फिलहाल अस्थायी राहत माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि यह कदम वैश्विक ऊर्जा बाजार को स्थिर रखने की दिशा में उठाया गया है, लेकिन दीर्घकालिक समाधान के लिए क्षेत्रीय तनाव कम होना आवश्यक है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

