अमेरिकी उप विदेश मंत्री रोजर्स नेपाल के तीन दिवसीय दौरे पर
काठमांडू, 30 मई (हि.स.)। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की सार्वजनिक कूटनीति मामलों की उपविदेश मंत्री सारा बी. रोजर्स तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर शनिवार शाम को नेपाल पहुंचीं।
नेपाल में बालेन्द्र शाह के प्रधानमंत्री बनने के बाद नेपाल का दौरा करने वाली वह अब तक की सबसे वरिष्ठ अमेरिकी कूटनीतिज्ञ हैं।
रोजर्स नेपाल स्थित अमेरिकी दूतावास द्वारा आयोजित किए जाने वाले एसेन्ट समिट 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए काठमांडू पहुंचने वाली हैं। इस सम्मेलन को नेपाल और अमेरिका के बीच जनसंपर्क, सार्वजनिक कूटनीति तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमेरिकी दूतावास के अनुसार रोजर्स की यह यात्रा नेपाल-अमेरिका संबंधों और दोनों देशों के बीच बढ़ते कूटनीतिक संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
नेपाल दौरे में रोजर्स की नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल तथा संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा. विक्रम तिमिल्सिना से मुलाकात करने की योजना है। रोजर्स की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब इससे पहले पिछले महीने में भी दो वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों ने अलग-अलग रूप से नेपाल का दौरा किया था।
दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के लिए अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री समिर पॉल कपुर तीन दिवसीय यात्रा पर काठमांडू पहुंचे थे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले के साथ बैठक की थी।
बैठकों में नेपाल-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने तथा नेपाल के निवेश वातावरण में सुधार के विषयों पर चर्चा हुई थी।
सहायक विदेश मंत्री कपूर की यात्रा समाप्त होने के लगभग एक सप्ताह बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के विशेष दूत एवं भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी काठमांडू का दौरा किया था।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

