home page

अमेरिका की ट्रैवल एडवाइजरी : इराक में हवाई यात्रा से बचने की सलाह

 | 

वॉशिंगटन/बगदाद, 05 मई (हि.स.)। अमेरिका ने अपने नागरिकों को इराक की यात्रा को लेकर नई चेतावनी जारी करते हुए विशेष रूप से हवाई सफर से बचने की सलाह दी है। अमेरिकी दूतावास के अनुसार देश में सुरक्षा स्थिति अभी भी संवेदनशील बनी हुई है और किसी भी समय खतरा उत्पन्न हो सकता है।

जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि इराक में मिसाइल, ड्रोन और रॉकेट हमलों का जोखिम बना हुआ है। ऐसे में नागरिकों को फ्लाइट लेने या हवाई अड्डों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि स्थिति लगातार बदल रही है, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

अमेरिकी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इराक में सक्रिय कुछ उग्रवादी समूह, जिनके संबंध ईरान से बताए जाते हैं, अमेरिकी नागरिकों और उनके ठिकानों को निशाना बनाने की योजना बना सकते हैं। इस खतरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि अमेरिकी नागरिक अनावश्यक यात्रा से बचें और यदि पहले से इराक में मौजूद हैं, तो अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। साथ ही, स्थानीय प्रशासन और दूतावास के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

फिलहाल, अमेरिकी सरकार स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय