home page

(अपडेट) वियतनाम नाव हादसा: तमिलनाडु के 10 समेत 15 भारतीय पर्यटकों की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक

 | 
(अपडेट) वियतनाम नाव हादसा: तमिलनाडु के 10 समेत 15 भारतीय पर्यटकों की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक


(अपडेट) वियतनाम नाव हादसा: तमिलनाडु के 10 समेत 15 भारतीय पर्यटकों की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक


- हादसे में 23 लोगों को बचाया गया

- वियतनाम सरकार ने दिए जांच के आदेश

हनोई/नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। वियतनाम के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फु-क्वोक द्वीप के निकट शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। मृतकों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 पर्यटक शामिल हैं। हादसे में 23 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिनका स्थानीय अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल के सदस्य सवार थे। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजे फु-क्वोक द्वीप के समीप समुद्र में यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद वियतनाम की सीमा सुरक्षा बल, नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस अभियान में दो बचाव नौकाओं और 35 जवानों को तैनात किया गया।

वियतनाम सरकार ने दिए जांच के आदेश

हादसे के बाद वियतनाम सरकार ने दुर्घटना के कारणों की तत्काल जांच कराने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने विदेश मंत्रालय को भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर पीड़ित भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों को तत्काल कांसुलर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, वियतनाम के फु-क्वोक के पास भारतीय नागरिकों से जुड़ी नाव दुर्घटना की दुखद खबर से अत्यंत व्यथित हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

उन्होंने कहा कि भारत का दूतावास और महावाणिज्य दूतावास प्रभावित भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं तथा भारतीय अधिकारी वियतनाम प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।

राहुल गांधी और राजनाथ सिंह ने भी जताया दुख

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए विदेश मंत्रालय से वियतनाम सरकार के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने की अपील की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वियतनाम में भारतीय दूतावास हादसे से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सहायता के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं।

हो ची मिन्ह सिटी हेल्पलाइन:

+84 36 281 7930,

+84 91 552 37 14,

+84 33 452 0414

हनोई हेल्पलाइन:

+84 91 308 9165

इसके अलावा तेलंगाना सरकार के एनआरआई विभाग ने भी प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है।

हेल्पलाइन नंबर हैं: 9885371189; 7997959754; 9989654807; 7997959779

भारतीय दूतावास ने बताया कि हादसे में शामिल सभी 32 भारतीय पर्यटकों तथा मृतकों की सूची संबंधित परिवारों और अधिकारियों के साथ साझा की जा रही है। दोनों देशों की सरकारें राहत, कांसुलर सहायता और दुर्घटना की जांच में मिलकर काम कर रही हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय