home page

ओमान से निकासी तेज करने के लिए एयरलाइंस के साथ काम कर रहा ब्रिटेन

 | 

लंदन, 03 मार्च (हि.स.)। ब्रिटेन की सरकार ओमान की राजधानी मस्कट से अपने नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एयरलाइंस के साथ समन्वय बढ़ा रही है। विदेश मंत्री यवेटे कूपर ने संसद में बताया कि मस्कट से उड़ानों की क्षमता बढ़ाने पर काम किया जा रहा है, ताकि संवेदनशील और कमजोर ब्रिटिश नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर बाहर निकाला जा सके।

उन्होंने कहा कि वह खाड़ी देशों में अपने समकक्ष मंत्रियों के लगातार संपर्क में हैं। क्षेत्र में अब तक करीब 1,30,000 ब्रिटिश नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।

कूपर ने बताया, “हम मस्कट से ब्रिटिश नागरिकों के लिए अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराने पर एयरलाइंस के साथ काम कर रहे हैं। प्राथमिकता कमजोर और संवेदनशील नागरिकों को दी जाएगी।”

सरकार ने यह भी घोषणा की है कि आने वाले दिनों में मस्कट से एक चार्टर्ड उड़ान संचालित की जाएगी, जिसमें प्राथमिकता इन्हीं नागरिकों को दी जाएगी। हालांकि, ओमान में मौजूद ब्रिटिश नागरिकों से कहा गया है कि वे विदेश कार्यालय के संपर्क का इंतजार करें।

आईएजी समूह के स्वामित्व वाली ब्रिटिश एयरवेज ने पुष्टि की है कि वह गुरुवार को मस्कट से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के लिए विशेष उड़ान संचालित करेगी।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय