home page

ब्रिटेन-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन 22 जुलाई को, रिश्तों में नई शुरुआत की तैयारी

 | 

लंदन, 16 जून (हि.स.)। ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच संबंधों को नई दिशा देने के उद्देश्य से दूसरा शिखर सम्मेलन 22 जुलाई को होगा। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि उनकी सरकार यूरोप के साथ रिश्तों को मजबूत बनाने और सहयोग के नए अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्टार्मर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि उनकी लेबर सरकार ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के संबंधों को नए सिरे से स्थापित करने के अपने वादे को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष मिलकर महंगाई की चुनौती से निपटने, रोजगार बढ़ाने और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में काम करेंगे।

ब्रिटेन में बढ़ती राजनीतिक चुनौतियों और आर्थिक दबावों के बीच स्टार्मर सरकार यूरोपीय संघ के साथ करीबी संबंधों को आर्थिक विकास और जीवन-यापन की बढ़ती लागत से निपटने का महत्वपूर्ण माध्यम मान रही है। पिछले महीने प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह इस वर्ष के शिखर सम्मेलन में संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए “बड़ी छलांग” की उम्मीद कर रहे हैं।

ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित वार्ता में व्यापार, रक्षा, सुरक्षा सहयोग, ऊर्जा, खाद्य मानक तथा स्टील पर लगाए गए शुल्क जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। दोनों पक्ष आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने के साथ-साथ यूरोप की सामूहिक सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती पर भी चर्चा करेंगे।

फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान स्टार्मर की मुलाकात यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से हुई। बैठक के बाद ब्रिटिश प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि यूरोप की सुरक्षा, लचीलापन और समृद्धि के लिए ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के बीच मजबूत और करीबी संबंध बेहद आवश्यक हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय