home page

युगांडा में विपक्षी नेता बोबी वाइन का आरोपः सैनिकों की कार्रवाई में पत्नी अस्पताल में भर्ती

 | 
युगांडा में विपक्षी नेता बोबी वाइन का आरोपः सैनिकों की कार्रवाई में पत्नी अस्पताल में भर्ती


नैरोबी, 24 जनवरी (हि.स.)। युगांडा के प्रमुख विपक्षी नेता और पॉप सिंगर से राजनेता बने बोबी वाइन ने आरोप लगाया है कि उनके आवास पर सैनिकों द्वारा छापेमारी के दौरान उनकी पत्नी बारबरा क्यागुलानी के साथ हिंसा की गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

बोबी वाइन के अनुसार, शुक्रवार देर रात सैनिकों ने कंपाला के उत्तरी इलाके मागेरे स्थित उनके घर में जबरन घुसपैठ की। उस समय बोबी वाइन घर पर मौजूद नहीं थे और वह पिछले सप्ताह अपने घर पर हुई एक अन्य छापेमारी के बाद से छिपे हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि सैनिकों ने दरवाजे तोड़े, कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उनकी पत्नी को बंदूक की नोक पर बैठाकर उनसे उनका ठिकाना बताने को कहा।

वाइन ने आरोप लगाया कि जब उनकी पत्नी ने अपना मोबाइल फोन और पासवर्ड देने से इनकार किया, तो सैनिकों ने उनका गला दबाया, अपमानित किया और जबरन उनके कपड़े हटाकर तस्वीरें लीं। इसके बाद उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

इस घटनाक्रम पर युगांडा की सेना की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। गौरतलब है कि हाल ही में हुए राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी को विजेता घोषित किया गया है, जबकि बोबी वाइन ने चुनाव परिणामों को खारिज करते हुए बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने भी युगांडा में विपक्षी नेताओं और समर्थकों के खिलाफ हिंसा एवं गिरफ्तारियों पर चिंता जताई है। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि सत्ता में बने रहने के लिए सैन्य बल का दुरुपयोग किया जा रहा है, हालांकि सरकार इन आरोपों से इनकार करती रही है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय