home page

होर्मुज जलडमरूमध्य में यूएई के तेल टैंकर पर मिसाइल हमला, ईरान पर लगा आरोप

 | 

अबू धाबी/दुबई, 08 अगस्त (हि.स.)। होर्मुज जलडमरूमध्य में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सरकारी तेल कंपनी एडनॉक के एक तेल टैंकर को शनिवार सुबह मिसाइल से निशाना बनाए जाने की खबर है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

यूएई के विदेश मंत्रालय और गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) ने हमले की निंदा करते हुए इसके लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। जीसीसी के महासचिव जासेम मोहम्मद अल-बुदैवी ने इसे समुद्री यातायात की सुरक्षा के लिए गंभीर और अस्वीकार्य खतरा बताया।

एडनॉक के अनुसार, इस सप्ताह ही उसके तीन जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य में मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना करना पड़ा है। कंपनी ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से उसके 15 जहाज हमलों की चपेट में आ चुके हैं। इन घटनाओं में एक चालक दल के सदस्य की मौत और 20 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है।

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़े मीडिया ने भी यूएई के एक तेल टैंकर पर हमले की जानकारी दी। हालांकि एडनॉक ने जहाज पर हमले की सटीक स्थिति स्पष्ट नहीं की है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय