home page

यूएई ने 15 बैलिस्टिक मिसाइल और 11 ड्रोन मार गिराए, हमलों में 11 लोगों की मौत

 | 

अबू धाबी, 26 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने 26 मार्च को ईरान की ओर से दागी गई 15 बैलिस्टिक मिसाइलों और 11 मानव रहित हवाई वाहनों (यूएवी) को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।

यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरान की ओर से जारी हमलों की शुरुआत से अब तक कुल 372 बैलिस्टिक मिसाइल, 15 क्रूज मिसाइल और 1,826 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया जा चुका है।

इन हमलों में यूएई सशस्त्र बलों के दो जवानों की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई, जबकि सेना के साथ काम कर रहे मोरक्को के एक नागरिक की भी जान गई। इसके अलावा विभिन्न देशों के आठ नागरिकों की भी मृत्यु हुई, जिनमें पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, फिलिस्तीन और भारत के लोग शामिल हैं।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हमलों में कुल 169 लोग घायल हुए हैं। इनमें यूएई के साथ-साथ मिस्र, सूडान, इथियोपिया, फिलीपींस, पाकिस्तान, ईरान, भारत, श्रीलंका और अन्य कई देशों के नागरिक शामिल हैं। घायलों में कुछ को गंभीर चोटें भी आई हैं।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसकी सेनाएं पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी खतरे का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि यूएई अपनी संप्रभुता, स्थिरता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाता रहेगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय