home page

यूएई ने इजराइली एयरलाइंस का लैंडिंग परमिट रद्द किया, दुबई से प्रत्यावर्तन उड़ानें रद्द

 | 

दुबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) द्वारा इजराइली एयरलाइंस के विमानों का लैंडिंग परमिट रद्द किए जाने के बाद दुबई से तेल अवीव के लिए संचालित की जा रही प्रत्यावर्तन उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इन विशेष उड़ानों के जरिए इजराइली नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लौटाया जा रहा था।

इजराइली एयरलाइन आर्किया ने कहा कि उसने उड़ानों के संचालन की अनुमति बहाल कराने के लिए संबंधित पक्षों से संपर्क किया, लेकिन अब तक प्रयास सफल नहीं हुए। इसके चलते कंपनी को अपनी उड़ानें रद्द करने का फैसला करना पड़ा। एयरलाइन के अनुसार, प्रभावित यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा वापस किया जाएगा।

आर्किया ने यह भी कहा कि जो यात्री अपने स्तर पर ऐसे किसी गंतव्य तक पहुंचते हैं, जहां से कंपनी इजराइल के लिए उड़ान संचालित करती है, उन्हें इजराइल के टिकट की खरीद पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

इस बीच एल अल और इस्रएयर ने भी दुबई से तेल अवीव के लिए कल तक प्रस्तावित अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। इजराइल को उम्मीद थी कि उसके विमानन कंपनियों द्वारा चलाया जा रहा नागरिकों की स्वदेश वापसी का विशेष अभियान कल तक पूरा हो जाएगा।

पिछले सप्ताह दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान पर हुए कथित आतंकवादी हमले के प्रयास के बाद इजराइली एयरलाइंस ने दुबई से विशेष प्रत्यावर्तन उड़ानें शुरू की थीं। इन उड़ानों की पहली खेप शुक्रवार देर रात बेन गुरियन हवाईअड्डे पर पहुंची थी।

इजराइल के परिवहन मंत्रालय के अनुसार, अब तक 7,415 से अधिक यात्री विशेष इजराइली उड़ानों के जरिए दुबई से तथा एतिहाद एयरवेज की वाणिज्यिक उड़ानों के माध्यम से अबू धाबी से इजराइल लौट चुके हैं।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय