home page

इजराइल में दो वायुसेना कर्मियों पर ईरान के लिए जासूसी के आरोप

 | 

तेल अवीव, 23 अप्रैल (हि.स.)। इजराइल में सुरक्षा एजेंसियों ने वायुसेना के दो कर्मियों पर ईरान के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया है। यह मामला तब सामने आया जब सेना, आंतरिक खुफिया एजेंसी शिन बेट और पुलिस की संयुक्त जांच में गंभीर सुरक्षा उल्लंघन के संकेत मिले।

रिपोर्ट के अनुसार, दोनों कर्मी तकनीशियन के रूप में कार्यरत थे और उन पर दुश्मन देश की मदद करने तथा संवेदनशील सैन्य जानकारी साझा करने के आरोप हैं। इजराइली रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, आरोपितों में से एक ने कथित रूप से ईरानी एजेंट को लड़ाकू विमान प्रणाली से जुड़ी प्रशिक्षण सामग्री और सैन्य ठिकानों की वीडियो फुटेज उपलब्ध कराई।

अधिकारियों का कहना है कि एक कर्मी पर विदेशी एजेंट से सीधे संपर्क रखने का आरोप है, जबकि दूसरे पर इस संपर्क में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने शुरुआत में ईरानी संपर्कों से दूरी बना ली थी, क्योंकि उन्होंने हथियारों से जुड़े कार्य करने से इनकार किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने दोबारा संपर्क स्थापित करने की कोशिश की।

सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील है और इससे जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय