home page

ट्रम्प की ईरान को सख्त चेतावनी, होर्मुज खोलने को कहा; तेहरान ने अल्टीमेटम ठुकराया

 | 

वॉशिंगटन/तेहरान, 05 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला तो अमेरिका उसके ऊर्जा ढांचे पर बड़े हमले कर सकता है।

सोशल मीडिया पर दिए बयान में ट्रम्प ने कहा कि ईरान को तुरंत वैश्विक समुद्री मार्ग को खोलना चाहिए, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने संकेत दिया कि संभावित कार्रवाई में बिजली संयंत्रों और पुलों जैसे महत्वपूर्ण ढांचों को निशाना बनाया जा सकता है।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब होर्मुड जलडमरूमध्य को लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ी हुई है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है और यहां तनाव का असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।

वहीं, ईरान ने अमेरिकी अल्टीमेटम को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका दबाव बनाने के लिए धमकियों का सहारा ले रहा है। ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि डॉ अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि पिछले कई दशकों में अमेरिका ईरान को झुका नहीं सका है और आगे भी ऐसा संभव नहीं होगा।

ईरान ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी संप्रभुता और रणनीतिक हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। साथ ही उसने चेतावनी दी कि किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में जारी तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण और आवाजाही को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि स्थिति और बिगड़ती है तो इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर व्यापक रूप से पड़ सकता है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय