home page

होर्मुज में शिपिंग बहाली पर ट्रम्प–स्टार्मर की बातचीत, वैश्विक अर्थव्यवस्था पर चिंता जताई

 | 

वॉशिंगटन/लंदन, 26 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के बीच हाल ही में हुई फोन वार्ता में होर्मुज क्षेत्र में शिपिंग गतिविधियों को जल्द बहाल करने पर जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही बाधित रहती है, तो इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और तेल आपूर्ति पर गंभीर रूप से पड़ सकता है।

वार्ता के दौरान ऊर्जा आपूर्ति की निरंतरता और समुद्री सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे व्यस्त तेल मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल वैश्विक बाजारों तक पहुंचता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह की रुकावट का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों पर पड़ना तय है।

ब्रिटेन की ओर से विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि शिपिंग में व्यवधान का असर आम लोगों पर भी पड़ेगा। बढ़ती ईंधन कीमतों के चलते महंगाई दर में उछाल आ सकता है, जिससे रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो जाएंगी। प्रधानमंत्री स्टार्मर ने बताया कि उनका देश फ्रांस के साथ मिलकर समुद्री मार्गों को सुरक्षित बनाने और शिपिंग को सामान्य स्थिति में लाने के प्रयास कर रहा है।

इस बातचीत को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब वैश्विक बाजार पहले से ही अस्थिरता के दौर से गुजर रहे हैं। दो प्रमुख शक्तियों के बीच इस तरह का समन्वय संकट को कम करने और व्यापारिक गतिविधियों को स्थिर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय