home page

ट्रंप का दावा- शी जिनपिंग ने 200 बोइंग विमानों की खरीद पर जताई सहमति

 | 

बीजिंग, 14 मई (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग से 200 विमानों की खरीद पर सहमति जताई है। ट्रंप ने इसे अमेरिका के लिए बड़े आर्थिक और रोजगार अवसर के रूप में पेश किया।

फॉक्स न्यूज के साथ एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि शी जिनपिंग ने बातचीत के दौरान 200 “बड़े विमानों” का ऑर्डर देने की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि यह सौदा अमेरिकी अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

ट्रंप के मुताबिक, शुरुआत में बोइंग कंपनी 150 विमानों के ऑर्डर की उम्मीद कर रही थी, लेकिन बातचीत के बाद यह संख्या बढ़कर 200 तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि इतने बड़े ऑर्डर से अमेरिका में हजारों नौकरियों को बढ़ावा मिलेगा, खासकर एविएशन और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में।

हालांकि, चीन की ओर से अभी तक इस संभावित सौदे को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह समझौता कब तक अंतिम रूप लेगा और इसमें किस मॉडल के विमान शामिल होंगे।

अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तथा तकनीकी प्रतिस्पर्धा के बावजूद दोनों देशों के बीच विमानन क्षेत्र में लंबे समय से मजबूत कारोबारी संबंध रहे हैं। चीन दुनिया के सबसे बड़े एविएशन बाजारों में से एक माना जाता है और बोइंग के लिए एक अहम ग्राहक भी रहा है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय