home page

ट्रंप का दावा- ईरान ‘ढहने की कगार’ पर, होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को तैयार

 | 
ट्रंप का दावा- ईरान ‘ढहने की कगार’ पर, होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को तैयार


वॉशिंगटन, 28 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान इस समय गंभीर संकट से गुजर रहा है और “ढहने की कगार” पर पहुंच चुका है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान ने अमेरिका को संकेत दिया है कि वह कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है। जल्द से जल्द हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना चाहता है।

ट्रंप के अनुसार, ईरान फिलहाल अपने आंतरिक नेतृत्व संकट को सुलझाने में लगा हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा हालात चुनौतीपूर्ण जरूर हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि ईरान इस दौर से बाहर निकलने में सफल रहेगा। उनके बयान को क्षेत्रीय तनाव के बीच एक अहम संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

हॉर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का एक प्रमुख मार्ग है, जहां से दुनिया के बड़े हिस्से में तेल और गैस का परिवहन होता है। इस मार्ग में बाधा आने से अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर सीधा असर पड़ता है। हाल के घटनाक्रम में इस जलमार्ग पर आवाजाही प्रभावित होने से ऊर्जा कीमतों में भी उतार-चढ़ाव देखा गया है।

इससे पहले, मीडिया रिपोर्ट्स में यह सामने आया था कि ईरान ने युद्ध समाप्त होने और समुद्री नाकेबंदी हटाने की शर्त पर इस जलडमरूमध्य को खोलने का प्रस्ताव दिया था। ऐसे में ट्रम्प का यह बयान इस दिशा में संभावित कूटनीतिक गतिविधियों का संकेत देता है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय