home page

ट्रम्प का ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम, नाटो पर भी उठाए सवाल

 | 

वॉशिंगटन, 04 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में यह जलमार्ग नहीं खोला गया, तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई कर सकता है।

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए कहा कि समय तेजी से खत्म हो रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले ईरान को 10 दिन का समय दिया गया था, लेकिन अब यह अवधि घटाकर 48 घंटे कर दी गई है।

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां किसी भी तरह का अवरोध अंतरराष्ट्रीय बाजार पर बड़ा असर डाल सकता है। ट्रम्प ने संकेत दिया कि अगर ईरान ने इस मार्ग को खोलने में देरी की, तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

इसी के साथ, ट्रम्प ने नाटो पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने गठबंधन को “कमजोर” और “गैर-भरोसेमंद” करार देते हुए कहा कि मौजूदा हालात में यह अपने दायित्वों को प्रभावी ढंग से निभाने में विफल रहा है।

ट्रम्प ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका नाटो के साथ अपने संबंधों की समीक्षा कर सकता है। उन्होंने ईरान से जुड़े मौजूदा तनाव के दौरान कुछ सहयोगी देशों के रुख पर नाराजगी जताई।

विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रम्प के इन बयानों से पश्चिम एशिया में जारी तनाव और बढ़ सकता है, साथ ही अंतरराष्ट्रीय कूटनीति पर भी इसका व्यापक प्रभाव पड़ने की आशंका है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय