home page

सीजफायर पर ट्रम्प का बड़ा बयान-“फैसला सिर्फ मैं करूंगा”

 | 

वॉशिंगटन, 07 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी तनाव के बीच युद्धविराम (सीजफायर) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लेने वाले वह “इकलौते” व्यक्ति हैं।

व्हाइट हाउस में आयोजित वार्षिक ईस्टर एग रोल कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रम्प ने कहा, “सीजफायर तय करने वाला सिर्फ मैं हूं।” उनके इस बयान को अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनावपूर्ण हालात के संदर्भ में बेहद अहम माना जा रहा है।

इससे पहले, मध्यस्थ देशों की ओर से अमेरिका और ईरान को 45 दिनों के युद्धविराम और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने का प्रस्ताव भेजा गया था। ट्रम्प ने इस प्रस्ताव को “महत्वपूर्ण कदम” तो बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि यह अभी पर्याप्त नहीं है।

उल्लेखनीय है कि होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का एक प्रमुख मार्ग है और इसे खोलने को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार दबाव बना हुआ है।

ट्रम्प के इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि अमेरिका अब भी समझौते की शर्तों पर सख्त रुख अपनाए हुए है और अंतिम निर्णय व्हाइट हाउस स्तर पर ही लिया जाएगा।

पश्चिम एशिया में जारी इस तनाव के बीच आने वाले दिनों में कूटनीतिक प्रयासों और सैन्य गतिविधियों पर दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय