home page

ट्रंप का दावा- रूस और यूक्रेन ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने को हुए सहमत

 | 

वाशिंगटन, 14 सितंबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना नहीं बनाने पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप ने यह दावा सोमवार को अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर किया।

ट्रंप के अनुसार, दुनिया में डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का मुख्य कारण रूस-यूक्रेन युद्ध है, न कि ईरान से जुड़ा तनाव। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने रूस के ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने पर सहमति जताई है और रूस भी इसी तरह की कार्रवाई करेगा।

एक दिन पहले ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से रूस की तेल रिफाइनरियों तथा डीजल के उत्पादन और वितरण से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमले बंद करने की अपील की थी। उन्होंने इन हमलों को वैश्विक स्तर पर ईंधन की कमी और बढ़ती कीमतों से जोड़ा था।

अमेरिका में भी डीजल की कीमतों में हाल में तेज उछाल देखा गया है। डीजल की औसत कीमत पहली बार छह डॉलर प्रति गैलन के स्तर को पार कर गई।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय