home page

अफगानिस्तान में प्रवासी मजदूरों से भरा ट्रक पलटा, 18 लोगों की मौत

 | 
अफगानिस्तान में प्रवासी मजदूरों से भरा ट्रक पलटा, 18 लोगों की मौत


- मृतकों में 10 बच्चे और 5 महिलाएं शामिल

काबुल, 30 मई (हि.स.)। अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत लगमान में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों में 10 बच्चे और पांच महिलाएं शामिल हैं। सभी यात्री हाल ही में पाकिस्तान से लौटे अफगान नागरिक बताए जा रहे हैं।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे काबुल-जालालाबाद राजमार्ग पर लगमान प्रांत के कारघायी जिले के सुरखकानू चौराहे के निकट हुई। यात्रियों को लेकर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

तालिबान प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि ये सभी लोग पाकिस्तान से वापस लौटे अफगान प्रवासी थे। उन्हें अस्थायी रूप से कुनार प्रांत में ठहराया गया था और बाद में राजधानी काबुल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

दुर्घटना में घायल हुए 35 लोगों को उपचार के लिए पड़ोसी नंगरहार प्रांत के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।

यह दुर्घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान से बड़ी संख्या में अफगान नागरिकों की वापसी जारी है। हाल के महीनों में पाकिस्तान ने अवैध रूप से रह रहे अफगान प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है, जिसके चलते हजारों लोग प्रतिदिन अफगानिस्तान लौट रहे हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय