रूस में ट्रेन-मिनीबस की टक्कर, छह लोगों की मौत
मॉस्को, 24 अक्टूबर (हि.स.)। रूस के सुदूर पूर्व में स्थित यहूदी स्वायत्त क्षेत्र में ट्रेन और मिनीबस की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। स्थानीय रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग मिनीबस में सवार थे। ट्रेन में मौजूद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को कोई चोट नहीं आई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मिनीबस ने लाल सिग्नल होने के बावजूद रेलवे क्रॉसिंग पार करने की कोशिश की। इसी दौरान ब्लागोवेशचेंस्क शहर की ओर जा रही यात्री ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि मिनीबस में सवार छह लोगों की जान चली गई और एक अन्य घायल हो गया।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'आरआईए नोवोस्ती' ने क्षेत्रीय अभियोजकों के हवाले से बताया कि मिनीबस में सवार सभी लोग विदेशी नागरिक थे। हालांकि, उनकी राष्ट्रीयता के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।
हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। रेलवे क्रॉसिंग पर लाल सिग्नल की अनदेखी को दुर्घटना की शुरुआती वजह बताया गया है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

