धर्मशाला से निर्वासित तिब्बती सांसदों का 19 नवंबर को नेपाल दौरा
काठमांडू, 14 नवंबर (हि.स.)। भारत के हिमाचल प्रदेश स्थित धर्मशाला से निर्वासित तिब्बती संसद के दो प्रतिनिधि 19 नवंबर को नेपाल दौरे पर आने वाले हैं। निर्वासित तिब्बती धार्मिक नेता दलाई लामा का मुख्यालय धर्मशाला में स्थित है। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के नेतृत्व में बालेन्द्र शाह सरकार बनने के बाद निर्वासित तिब्बती सांसदों का यह पहला नेपाल दौरा होगा।
काठमांडू के बौद्ध स्थित तिब्बती शरणार्थी शिविर के एक प्रतिनिधि के अनुसार, निर्वासित सांसद दावा छिरिंग और चोदाक ग्यात्सो राजनीतिक उद्देश्य से नेपाल आने वाले हैं। दावा छिरिंग उ-त्सांग (वर्तमान स्वायत्त तिब्बत) और चोदाक ग्यात्सो धोमे/आम्दो (उत्तर-पूर्वी तिब्बत) क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
नेपाल के बौद्ध-जोरपाटी स्थित छोयोजोर तिब्बती शरणार्थी शिविर में करीब 5,000 तिब्बती शरणार्थी रहते हैं।
धर्मशाला से निर्वासित तिब्बती सरकार, संसद और विभिन्न संस्थाओं का संचालन करते हुए दलाई लामा का प्रशासन लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत काम करने का दावा करता रहा है।
इसी बीच धर्मशाला से तिब्बती सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का नेपाल दौरा तय होने से बौद्ध क्षेत्र के तिब्बती शरणार्थियों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सादे वर्दी में सुरक्षा बल को तैनात किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

