home page

श्रीलंका में आठ भारतीयों को पर्यटक वीजा के दुरुपयोग में हिरासत में लिया गया

 | 

कोलंबो, 29 मई (हि.स.)। श्रीलंका में एक महिला समेत आठ भारतीयों को पर्यटक वीजा दुरुपयोग में हिरासत में लिया गया है। श्रीलंका के आव्रजन अधिकारियों ने सूचना प्रौद्योगिकी व्यवसाय संचालित करने में पर्यटक वीजा का दुरुपयोग करने के आरोप में आठ भारतीय नागरिकों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इन भारतीय नागरिकों को हाल ही में आव्रजन एवं उत्प्रवासन विभाग के अधिकारियों द्वारा यहां सिनामन गार्डन के पॉश आवासीय क्षेत्र में एक घर पर छापेमारी के दौरान पकड़ा गया था जहां वे सूचना प्रौद्योगिकी व्यवसाय संचालित करते पाए गए थे।

अधिकारियों के अनुसार हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों के पास पर्यटक वीजा था। एक व्यक्ति अपने वीजा अवधि से अधिक समय तक रुका हुआ था। पर्यटक वीजा के तहत रोजगार की मनाही है। उन्होंने कहा कि आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद हिरासत में लिए गए एक महिला समेत आठ लोगों को स्वदेश भेज दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ अजीत तिवारी/प्रभात