home page

दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमले तेज, दो मेडिकल कर्मियों की मौत

 | 

बेरूत, 11 मई (हि.स.)। दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमलों के बीच हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। ताजा हमलों में दो पैरामेडिक्स की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल बताए गए हैं। यह हमले सीधे इमरजेंसी रिस्पांस सेंटरों को निशाना बनाकर किए गए, जिससे राहत और बचाव कार्यों पर भी असर पड़ा है।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कलाविया इलाके में हुए हमले में एक मेडिकल कर्मी की जान चली गई और तीन अन्य घायल हो गए। तिबनीन क्षेत्र में हुए दूसरे हमले में एक और पैरामेडिक की मौत हुई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। लगातार हो रहे हमलों के कारण राहत और बचाव टीमों के सामने गंभीर सुरक्षा संकट खड़ा हो गया है। दक्षिणी लेबनान के टायर शहर में सिविल डिफेंस यूनिट के प्रमुख अली सफीउद्दीन ने कहा कि मेडिकल और राहतकर्मी हर पल जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, हालात इतने खतरनाक हो चुके हैं कि ड्यूटी पर निकलने वाला हर व्यक्ति अपनी वापसी को लेकर आशंकित रहता है।

उन्होंने कहा कि बीते महीनों में कई राहतकर्मियों ने अपनी जान गंवाई है, लेकिन इसके बावजूद टीमें प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद के लिए लगातार जुटी हुई हैं। उनका कहना है कि आम नागरिकों के साथ-साथ चिकित्सा सेवाओं को निशाना बनाए जाने से मानवीय संकट और गहरा हो गया है।

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार दो मार्च के बाद से इजराइली हमलों में 100 से अधिक लेबनानी मेडिकल कर्मियों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं। लगातार बढ़ती हिंसा के कारण दक्षिणी लेबनान में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं और कई इलाकों में आपातकालीन सहायता पहुंचाना मुश्किल हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय