home page

जी-20 की अध्यक्षता को लेकर ब्रिटेन को रूस की चेतावनी, कहा- अधिकारों में दखल के होंगे गंभीर परिणाम

 | 

मॉस्को, 16 नवंबर (हि.स.)। रूस ने ब्रिटेन को चेतावनी दी है कि वर्ष 2027 में जी-20 की अध्यक्षता संभालने के बाद यदि उसने मॉस्को के अधिकारों को सीमित करने की कोशिश की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। रूस की यह प्रतिक्रिया ब्रिटिश प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम के उस कथित बयान के करीब दो सप्ताह बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यूक्रेन युद्ध को लेकर ब्रिटेन के प्रतिबंधों के कारण रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले साल नवंबर में मैनचेस्टर में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे।

रूस के विदेश मंत्रालय में जी-20 और एपेक मामलों के राजदूत मरात बर्दियेव ने सरकारी समाचार एजेंसी 'रिया नोवोस्ती' से कहा कि लंदन का वास्तविक रुख सामने आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि रूस के अधिकारों का कोई भी उल्लंघन नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और इस दिशा में उठाए गए गलत कदमों के गंभीर परिणाम होंगे।

बर्दियेव ने उम्मीद जताई कि ऐसी स्थिति पैदा नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जी-20 की अध्यक्षता करने वाले देश को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि संगठन की गतिविधियों में कौन भाग लेगा। उनके मुताबिक, अध्यक्ष देश मंच के कामकाज में शामिल होने वाले देशों पर अपनी शर्तें नहीं थोप सकता।

यूक्रेन युद्ध को लेकर पश्चिमी देशों के अलग-थलग करने के प्रयासों के बावजूद रूस जी-20 का सदस्य बना हुआ है। परंपरा के अनुसार, मेजबान देश संगठन के सभी सदस्य देशों को वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण देता है।

इस बीच, मौजूदा अध्यक्ष अमेरिका ने दिसंबर में मियामी में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए पुतिन को निमंत्रण दिया है। हालांकि, क्रेमलिन ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि रूसी राष्ट्रपति स्वयं सम्मेलन में शामिल होंगे या उनकी जगह कोई प्रतिनिधि भेजा जाएगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय