home page

यूक्रेन ने अजोव सागर में रूस के 11 टैंकरों पर ड्रोन से किए हमले

 | 
यूक्रेन ने अजोव सागर में रूस के 11 टैंकरों पर ड्रोन से किए हमले


कीव/मॉस्को, 14 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन ने दावा किया है कि साेमवार रात उसके ड्रोन ने अज़ोव सागर में रूस के 11 जहाज़ों को निशाना बनाया। वहीं, रूस ने कहा है कि इन हमलों के बावजूद देश की निर्यात क्षमता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सामान्य बनी रहेगी।

फ्रांस के टेलीविज़न नेटवर्क फ्रांस 24 के अनुसार यूक्रेन की ड्रोन फ़ोर्स के कमांडर रॉबर्ट ब्रोवडी ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म टेलीग्राम पर एक बयान में कहा कि हमले में पांच तेल टैंकर, पांच ड्राई कार्गो जहाज और एक टगबोट को निशाना बनाया गया। पिछले नौ दिनों में यूक्रेनी हमलों का शिकार हुए जहाज़ों की कुल संख्या 116 तक पहुंच गई है।

अज़ोव सागर रूस, यूक्रेन के रूस के कब्ज़े वाले दक्षिणी क्षेत्रों और क्रीमिया के बीच स्थित एक रणनीतिक समुद्री मार्ग है। रूस के अनाज निर्यात का करीब एक-चौथाई हिस्सा इसी रास्ते से भेजा जाता है। हाल के दिनों में टैंकरों और अन्य व्यावसायिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों के कारण इस मार्ग पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। हालांकि रूस के कृषि मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यूक्रेनी हमलों के बावजूद देश का निर्यात प्रभावित नहीं होगा। अजाेव सागर की मौजूदा स्थिति का घरेलू खाद्य आपूर्ति या रूस की निर्यात क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

मंत्रालय के अनुसार अज़ोव सागर में जहाज़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर माल की ढुलाई के लिए वैकल्पिक परिवहन मार्गों और अन्य साधनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

इसी बीच, यूक्रेन ने कहा कि इन हमलों का उद्देश्य रूस के कथित शैडो फ्लीट को नुकसान पहुंचाना और मॉस्को के कब्ज़े वाले क्रीमिया में ईंधन आपूर्ति को बाधित करना है। यह अभियान ऐसे समय में चलाया गया है जब रूस पहले से ही घरेलू ईंधन आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी