यूक्रेन का क्रीमिया में रूसी एस-400 लॉन्चर और रडार सिस्टम को निशाना बनाने का दावा
कीव/क्रीमिया, 15 मार्च (हि.स.)। यूक्रेन की सशस्त्र सेनाओं ने अस्थायी रूप से कब्ज़े वाले क्रीमिया में रूसी वायु रक्षा नेटवर्क पर हमला किया है। लिबनेखतिव्का और डालने क्षेत्रों में किए गए इस हमले में एस-400 “ट्रायम्फ” हवाई रक्षा प्रणाली के लॉन्चर और महत्वपूर्ण रडार स्टेशनों को निशाना बनाया गया, जिससे क्रीमिया में रूस की हवाई सुरक्षा क्षमताओं को गंभीर क्षति पहुंची है।
यूक्रेन की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूक्रिनफॉर्म व स्थानीय मीडिया रिपाेर्ट के अनुसार, यूक्रेन की सशस्त्र सेनाओं ने आज रात क्रिमिया प्रायद्वीप में रूसी वायु रक्षा संपत्तियों के खिलाफ महत्वपूर्ण सैन्य कार्रवाई की। यूक्रेन के जनरल स्टाफ के अनुसार, इस अभियान का लक्ष्य रूस की हवाई क्षेत्र नियंत्रण क्षमता और काला सागर के ऊपर उसके वायु रक्षा नेटवर्क को कमजोर करना था।
यूक्रेनी बलों ने लिबनेखतिव्का क्षेत्र में रूसी सेना के दो प्रमुख रडार सिस्टम- 59एन6-ई “प्रोटिवनिक” और 73E6 “पैरोल” को निशाना बनाया, जो लंबी दूरी पर हवाई लक्ष्य पहचान और ट्रैकिंग के लिए उपयोग में लाए जाते हैं। साथ ही डलने के पास एक एस-400 “ट्रायम्फ” एयर डिफेंस सिस्टम के लॉन्चर पर भी हमला हुआ, जिससे वह सिस्टम अस्थायी रूप से निष्क्रिय हो गया। इस एस-400 प्रणाली को रूस की सबसे उन्नत मध्यम और लंबी दूरी की वायु रक्षा प्रणाली माना जाता है।
यूक्रेन की सेना ने दावा किया कि हमले में एस-400 के एक लॉन्चर को गंभीर क्षति हुई है और माना जा रहा है कि प्रणाली के लॉन्च कंट्रोल और ट्रैकिंग क्षमता पर भी प्रभाव पड़ा है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

