यूक्रेन ने रूस के यारोस्लाव क्षेत्र में तेल सुविधा केंद्र को निशाना बनाया
इस्तांबुल, 14 जून (हि.स.)। यूक्रेन ने रूस के ऊर्जा और औद्योगिक ढांचे पर बड़ा हमला करते हुए यारोस्लाव क्षेत्र के एक प्रमुख तेल भंडारण केंद्र और तुला क्षेत्र के अज़ोत केमिकल प्लांट को निशाना बनाया है। राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि यह कार्रवाई रूस की युद्ध क्षमता को कमजोर करने और मॉस्को पर दबाव बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है।
तुर्किए की सरकारी संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी के अनुसार, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेन ने रूस के यारोस्लाव क्षेत्र स्थित महत्वपूर्ण तेल भंडारण केंद्र और तुला क्षेत्र के अज़ोत केमिकल प्लांट पर हमला किया है। उनके अनुसार, ये दोनों प्रतिष्ठान रूस की ईंधन आपूर्ति और सैन्य उत्पादन क्षमता के लिए अहम हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रविवार को जारी बयान में ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी सेना रूस के खिलाफ लंबी दूरी की सैन्य रणनीति के तहत अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों में रूसी सैन्य लॉजिस्टिक्स ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। हमलों के बाद रूस के छह हवाई अड्डों पर उड़ानों पर प्रतिबंध लगाए गए, जबकि देश के 28 क्षेत्रों में हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस बातचीत के सभी प्रस्तावों को ठुकरा कर लगातार सैन्य आक्रामकता बढ़ा रहा है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन ने युद्ध समाप्त करने के लिए हरसंभव कूटनीतिक विकल्प सुझाया लेकिन रूस की ओर से केवल आक्रामकता और तनाव बढ़ाने की कोशिशें देखने को मिलीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

