home page

जर्मनी की चेतावनी- यूक्रेन के बड़े शहरों में मानवीय संकट पैदा कर सकता है रूस

 | 
जर्मनी की चेतावनी- यूक्रेन के बड़े शहरों में मानवीय संकट पैदा कर सकता है रूस


बर्लिन, 17 नवंबर (हि.स.)। जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन में युद्ध की पांचवीं सर्दी पिछली सर्दियों की तुलना में अधिक कठिन हो सकती है। उन्होंने कहा कि रूस ने अपने हमलावर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों के जखीरे का और विस्तार किया है। ऐसे में यूक्रेन के ऊर्जा और जल आपूर्ति ढांचे पर हमले बढ़ने की आशंका है।

पिस्टोरियस के मुताबिक, रूस लगातार हवाई हमलों के जरिए यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे और जल आपूर्ति व्यवस्था को निशाना बना रहा है। उन्होंने कहा कि रूस जमीनी मोर्चे पर सैन्य सफलता हासिल नहीं कर पा रहा है, इसलिए हवाई हमलों के जरिये यूक्रेन को भयभीत करने की कोशिश कर रहा है।

जर्मन रक्षा मंत्री ने आशंका जताई कि रूस यूक्रेन के लोगों का प्रतिरोध तोड़ने के लिए कीव, ओडेसा और अन्य बड़े शहरों में जानबूझकर मानवीय संकट पैदा करने की कोशिश कर सकता है। उन्होंने कहा कि यदि रूस ऐसा करने में सफल होता है, तो इसके परिणाम यूक्रेन के साथ-साथ पूरे यूरोप के लिए गंभीर होंगे।

इससे पहले ब्रिटेन के वेस स्ट्रीटिंग ने कहा था कि नाटो मुख्यालय में हुई 'यूक्रेन डिफेंस कॉन्टैक्ट ग्रुप' की बैठक का उद्देश्य इस बात पर चर्चा करना है कि भविष्य में होने वाली बातचीत के लिए यूक्रेन को किस तरह मजबूत स्थिति में रखा जा सकता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय