home page

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच पुतिन की पहल, ईरान से बातचीत कर शांति में मदद की पेशकश

 | 

मॉस्को/तेहरान, 12 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से फोन पर बातचीत कर क्षेत्र में शांति स्थापित करने के प्रयासों में सहयोग की पेशकश की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच हालिया वार्ता बेनतीजा रहने के बाद यह बातचीत हुई है। ऐसे में रूस ने सक्रिय भूमिका निभाने के संकेत दिए हैं। बातचीत के दौरान पुतिन ने कहा कि रूस मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को कम करने और स्थिरता बहाल करने के लिए हर संभव मदद देने को तैयार है।

रूसी सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि पुतिन ने इस संकट का समाधान राजनीतिक और कूटनीतिक तरीकों से निकालने पर जोर दिया। उन्होंने बल दिया कि किसी भी प्रकार के सैन्य टकराव से बचना जरूरी है और संवाद के जरिए ही स्थायी समाधान संभव है।

खाड़ी देश में जारी संघर्ष के बीच रूस एक निष्पक्ष मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उनका मानना है कि सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए “न्यायपूर्ण और स्थायी शांति” स्थापित की जा सकती है। रूस की यह पहल ऐसे समय में आई है जब क्षेत्र में अनिश्चितता बढ़ रही है और वैश्विक शक्तियां समाधान की तलाश में हैं। रूस पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर मध्यस्थ की भूमिका निभाने की इच्छा जता चुका है।

इस घटनाक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या रूस की यह पहल अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध को कम करने में सफल हो पाएगी या नहीं। फिलहाल, कूटनीतिक स्तर पर हल निकालने की कोशिशें जारी हैं, जो क्षेत्रीय शांति के लिए अहम मानी जा रही हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय