home page

रूस के खुफिया प्रमुख ने की सीआईए डायरेक्टर से मुलाकात की पुष्टि

 | 
रूस के खुफिया प्रमुख ने की सीआईए डायरेक्टर से मुलाकात की पुष्टि


मॉस्को, 27 अगस्त (हि.स.)। रूस की फॉरेन इंटेलिजेंस सर्विस (एसवीआर) के प्रमुख सर्गेई नारिशकिन ने पुष्टि की है कि उन्होंने अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ से मुलाकात की थी। रैटक्लिफ इस सप्ताह की शुरुआत में मॉस्को पहुंचे थे।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू

के अनुसार, गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में नारिशकिन ने मुलाकात को सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी असामान्य नहीं था और ऐसी बातचीत दोनों खुफिया एजेंसियों के कामकाज का हिस्सा है।

नारिशकिन ने कहा, “मुलाकात के दौरान हमने कई ऐसे मुद्दों पर चर्चा की जो इंटेलिजेंस एजेंसियों के दायरे में आते हैं।” उन्होंने साथ ही कहा कि खुफिया एजेंसियों से जुड़े मुद्दे बेहद संवेदनशील और विशेष प्रकृति के होते हैं।

क्रेमलिन ने बुधवार को पुष्टि की थी कि जॉन रैटक्लिफ ने मंगलवार को मॉस्को का दौरा किया। 2021 के बाद यह पहली बार है जब किसी मौजूदा सीआईए डायरेक्टर ने रूस की राजधानी का दौरा किया है।

क्रेमलिन के मुताबिक, रैटक्लिफ की यात्रा के दौरान दोनों देशों की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के बीच संपर्क हुआ। मॉस्को ने इस तरह के संपर्क को “सकारात्मक घटना” और “सकारात्मक प्रक्रिया” बताया।

एक रिपाेर्ट के मुताबिक, मंगलवार को अमेरिकी वायुसेना का सी-17ए ग्लोबमास्टर III विमान लातविया की राजधानी रीगा से मॉस्को के वनुकोवो एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, यह विमान इससे दो दिन पहले अमेरिका के मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज के पास कैंप स्प्रिंग्स से रवाना हुआ था।

डेटा के मुताबिक, विमान मॉस्को पहुंचने के बाद उसी शाम रीगा लौट गया। इसके बाद अमेरिकी मीडिया ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट किया कि सीआईए डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ बैठकों के लिए मॉस्को में मौजूद थे।

इसके अलावा एक सूत्र के हवाले से दावा किया कि वाशिंगटन ने कीव को रैटक्लिफ के नेतृत्व में वरिष्ठ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के मॉस्को दौरे की जानकारी दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन से प्रतिनिधिमंडल के रूस से बाहर निकलने तक हमले रोकने को कहा गया था।

हालांकि, इस यात्रा को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को इसे “आंशिक रूप से सामान्य” यात्रा बताया। उन्होंने उन अटकलों को खारिज किया कि रैटक्लिफ का मॉस्को दौरा नाटाे या ब्रिटेन के खिलाफ संभावित रूसी सैन्य कार्रवाई से जुड़ा हुआ था।

रैटक्लिफ और नारिशकिन की मुलाकात ऐसे समय हुई है जब रूस और अमेरिका के बीच कई गंभीर मुद्दों को लेकर तनाव बना हुआ है। ऐसे में दोनों देशों की शीर्ष खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों के बीच सीधी बातचीत को महत्वपूर्ण संपर्क के तौर पर देखा जा रहा है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी