कतर ने इजराइल को युद्ध और तबाही का पक्षधर बताया
दोहा, 20 अक्टूबर (हि.स.)। कतर ने इजराइल के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि वह बातचीत के जरिए गाजा संघर्ष समाप्त करने को लेकर प्रतिबद्ध नहीं है। कतर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इजराइली नेता शांति के बजाय युद्ध, मौत और तबाही पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता और प्रधानमंत्री के सलाहकार माजिद अल-अंसारी ने दोहा में आयोजित ग्लोबल सिक्योरिटी फोरम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में इजराइल में शांति के लिए कोई भरोसेमंद साझेदार नजर नहीं आ रहा है।
अल-अंसारी ने इजराइल के राजनीतिक दलों और चुनाव लड़ रहे नेताओं के बयानों का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि क्या उनमें से कोई फिलिस्तीनियों के साथ शांति स्थापित करने या पश्चिम एशिया में स्थिरता सुनिश्चित करने की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए राजनीतिक नेतृत्व की प्रतिबद्धता जरूरी है लेकिन मौजूदा बयानों से ऐसी प्रतिबद्धता स्पष्ट नहीं होती।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

